November 2, 2026

बेमौसम बारिश से किसानों की फसल बर्बाद, तत्काल सर्वे कर मुआवजा दे सरकार — बसपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राहत राशि तत्काल जारी करने और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग

IMG-20261030-WA0026

रायपुर, (छत्तीसगढ़) 30 अक्टूबर 2026। बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन ने 28 एवं 29 अक्टूबर को अर्णव चक्रवात के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराया जाए तथा किसानों को उचित मुआवजा एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम की राशि शीघ्र प्रदान की जाए। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन ने कहा कि अक्टूबर माह में बारिश नहीं होने के कारण खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं और खड़ी फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई थीं। ऐसे कठिन समय में किसानों ने अपनी खून-पसीने की कमाई लगाकर, कर्ज लेकर तथा तालाब, बोरवेल, कुएं और नालों से सिंचाई कर अपनी फसलों को बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन 28 एवं 29 अक्टूबर को हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में जलभराव, खड़ी धान की फसल के गिरने तथा कटी हुई फसल के भीगने और बिखरने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पहले पानी की कमी और अब बेमौसम बारिश के कारण किसान दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं।

श्री टंडन ने कहा कि इस विषम परिस्थिति में राज्य सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह किसानों को तत्काल राहत प्रदान करे। सरकार को बिना विलंब प्रभावित फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर उचित मुआवजा राशि जारी करनी चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र किसानों को बीमा क्लेम का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाना चाहिए।उन्होंने आगे मांग की कि किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए खेती-किसानी के लिए लिए गए कर्ज की माफी की घोषणा की जाए, ताकि संकट से जूझ रहे किसान परिवारों को राहत मिल सके और वे आगामी कृषि कार्यों की तैयारी कर सकें। बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ ने राज्य सरकार से मांग की है कि किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत, मुआवजा, फसल बीमा राशि तथा कर्ज माफी के संबंध में ठोस निर्णय लिया जाए। किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Recent posts