November 18, 2026

छात्रावास अधीक्षकों ने उठाई आवाज कंप्यूटर, इंटरनेट व ऑपरेटर की व्यवस्था हो, मेडिकल अवकाश का विकल्प भी जुड़े।

IMG-20261116-WA0000

 

सारंगढ़ बिलाईगढ़/ नीलकांत खटकर,16 नवम्बर 2026। छात्रावास एवं आश्रमों में एच एम एस पोर्टल के माध्यम से संचालित ऑनलाइन कार्यों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने विभाग के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं और मांगें रखी हैं। संघ ने आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त के नाम ज्ञापन देकर आवश्यक संसाधन एवं मानव संसाधन उपलब्ध कराने सहित विद्यार्थियों की उपस्थिति से संबंधित व्यवस्था में आवश्यक बदलाव की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार छात्रावास एवं आश्रमों में प्रतिदिन विद्यार्थियों की उपस्थिति HMS पोर्टल पर दर्ज करने, निर्धारित समय पर उपस्थिति पंजी की फोटो अपलोड करने, विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रोफाइल एवं अन्य ऑनलाइन विवरण अपडेट करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं। संघ का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था का विरोध नहीं है, लेकिन इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए बिना पूरी जिम्मेदारी अधीक्षकों पर डालना व्यवहारिक कठिनाई हो रही है।

निजी खर्च से करना पड़ रहा ऑनलाइन काम – संघ ने आवेदन में बताया है कि कई छात्रावास एवं आश्रमों में पर्याप्त कंप्यूटर, स्कैनर और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा ऑनलाइन कार्यों के लिए आवश्यक कंप्यूटर ऑपरेटर अथवा अन्य मानव संसाधन की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में अधीक्षकों को अपने निजी मोबाइल, इंटरनेट और खर्च से विभागीय ऑनलाइन कार्य करने की स्थिति बन रही है।संघ ने मांग की है कि प्रत्येक संस्था की आवश्यकता के अनुसार कंप्यूटर, स्कैनर, इंटरनेट सुविधा और कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराया जाए। जब तक आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक अधीक्षकों पर निजी खर्च से ऑनलाइन कार्य करने का आर्थिक भार नहीं डाला जाए। मेडिकल अवकाश का विकल्प जोड़ने की मांग – आवेदन में HMS पोर्टल पर विद्यार्थियों के लिए मेडिकल अवकाश का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। संघ का कहना है कि बीमारी अथवा चिकित्सकीय कारणों से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की स्थिति को ऑनलाइन व्यवस्था में उचित रूप से दर्ज करने के लिए यह विकल्प जरूरी है।

 

 

Recent posts