बालपुर में जर्जर सड़क सहित 14 सूत्रीय मांगो को लेकर ग्रामीणों ने शुरु किया धरना प्रदर्शन। 19 अगस्त से भूख हड़ताल की दी चेतावनी।


सारंगढ़ बिलाईगढ़/ सरसीवां 18 अगस्त 2026। जर्जर सड़क सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर बालपुर में पूर्व विधायक,सरपंच सहित ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।अब जनआंदोलन व्यापक रूप ले चुका है। धरना स्थल पर पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, ग्राम पंचायत के सरपंच विशाल कुमार सहित ग्रामीण,जनप्रतिनिधि जुटे हुए है आंदोलन में प्रतिदिन भीड़ उमड़ रही है,बात मूलभूत सुविधाओं और अपने अधिकारों के लिए है इन मुद्दों पर सभी एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। आंदोलन के समर्थन में सारंगढ़, सोनाखान, पवनी, बिलाईगढ़, भटगांव, सरसीवा, कोसीर, बरमकेला, पेंड्रावन सहित अनेक गांवों से हजारों की संख्या में किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि पहुंच रहें हैं। सभी ने एक स्वर में 14 सूत्रीय मांगों को जनहित के मुद्दे बताते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।

धरना सभा को संबोधित करते हुए चंद्रदेव राय ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकार, सम्मान और विकास की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित जनसमस्याओं को अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।

धरना स्थल पर पूरे दिन जोश, उत्साह और एकजुटता का माहौल बना रहा। विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक 14 सूत्रीय मांगों पर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। आंदोलन के अगले चरण के तहत 19 अगस्त से भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि इसके बाद भी मांगों पर गंभीर पहल नहीं हुई तो संघर्ष को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

संपादक सिद्धार्थ न्यूज़

