टी ई टी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों की हुंकार, बाइक रैली निकालकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।


बिलाईगढ़ 24 अगस्त 2026 । टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में बिलाईगढ़ विकासखंड के शिक्षकों ने एकजुट होकर बाइक रैली निकाली। साझा मंच के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए और शासन की नीतियों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।रैली विकासखंड स्रोत केंद्र बीआरसी कार्यालय, गोविंदवन से शुरू होकर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय बिलाईगढ़ तक पहुंची। शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में लगातार नए-नए आदेशों के कारण शिक्षक वर्ग परेशान है। उनका कहना है कि संविलियन के बाद भी शिक्षकों को विभिन्न प्रक्रियाओं और आदेशों के माध्यम से मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रैली के बाद शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि उनकी पीड़ा महज आज की नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं से जुड़ी है। शिक्षकों ने शासन से टीईटी अनिवार्यता के संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने की मांग की। एकजुट रहने का लिया संकल्प – आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने आपसी एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक किसी भी परिस्थिति में आपस में नहीं लड़ेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि बिलाईगढ़ ब्लॉक में शिक्षक एकता आगे भी कायम रहेगी समस्याओं के लिए जल्द लगेगा शिविर।शिक्षकों की स्थानीय स्तर की समस्याओं को एकत्रित कर उनके समाधान के लिए जल्द ही शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शिक्षक अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित दस्तावेज और प्रमाण प्रस्तुत कर सकेंगे, ताकि समस्याओं को व्यवस्थित रूप से संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सके। शिक्षकों ने कहा कि कल की एकता रैली केवल टीईटी अनिवार्यता के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षक हितों और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट संघर्ष की शुरूआत है।


संपादक सिद्धार्थ न्यूज़

