September 15, 2026

आरक्षण को लेकर सतनामी समाज लामबंद, 16 को सारंगढ़ में प्रदर्शन। सहायक ग्रेड-03 के 100 और पटवारी के 200 पदों की भर्ती में आरक्षण नियमों की कथित अनदेखी का आरोप, राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन।

IMG-20260915-WA0007

सारंगढ़ बिलाईगढ़ 15 सितंबर 2026। राजस्व विभाग की भर्ती में आरक्षण नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने 16 सितंबर को सारंगढ़ में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। समाज का आरोप है कि सहायक ग्रेड-03 के 100 और पटवारी के 200 पदों की भर्ती में अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की अनदेखी की गई है। इसी मुद्दे को लेकर समाज शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगा।समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, 16 सितंबर, बुधवार को दोपहर 2 बजे पुष्पवाटिका, सारंगढ़ में समाजजन एकत्र होंगे। यहां से कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा की मांग रखी जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा एवं आवश्यक कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। समाज की ओर से स्पष्ट कहा गया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से किया जाएगा।आंदोलन की अगुवाई समाज के जिला अध्यक्ष गिरवर निराला के साथ उपाध्यक्ष शिवचरण रात्रे, प्रवक्ता गुरूबिहारी राय और मीडिया प्रभारी सुखराम निराला सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी करेंगे।शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील समाज के पदाधिकारियों ने आंदोलन में शामिल होने वाले सभी लोगों से शांति, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का आग्रह किया गया है।समाज पदाधिकारियों का कहना है कि ज्ञापन के जरिए भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण से जुड़े मुद्दे को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Recent posts