सरसीवां सराईपाली सड़क मार्ग की हालत अत्यंत जर्जर।सड़क गड्ढों में तब्दील, राहगीर परेशान।

सारंगढ़ बिलाईगढ़/सरसीवां 26 सितंबर 2026। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से सरसीवां से सराईपाली सडक मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय,जर्जर और जानलेवा बन गया है।इस मार्ग पर राहगीरों के लिये सफर करना कठिन और जोखिम भरा बना हुआ है। सरसीवां से डोगरीपाली सीमा तक का सड़क मार्ग इन दिनों बड़े बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क मार्ग से मोटरसाइकिल सवार अपने परिवार वालों के साथ सफर करने में कतराने लगे हैं वे हमेशा डरे और सहमें रहते हैं आये दिन सड़क पर बने गड्ढे से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं और संबंधित ठेकेदार बेखबर हैं।विभाग और ठेकेदार की कार्यप्राणी से ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की है।
सरसीवां से सरायपाली सड़क मार्ग के गांव मुड़पार ,टाटा ,मनपसार, नारबंद, हरदी से घरजरा सीमा तक की सड़कें बेहद खराब हो गई है। शासकीय आत्मानंद हाईस्कूल गाताडीह स्कूल गेट के सामने की सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे होने से स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल के अन्दर और बाहर निकलते वक्त बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सरसीवां से घरजरा, डोगरीपाली, माता नाला सीमा तक 16 किलोमीटर का सफर करने के लिए घण्टों का समय लगता है।उल्लेखनीय है कि संबंधित सड़क ठेकेदार ने बरसात के पूर्व ही 16 किलोमीटर तक की सड़कों के डामर उखाड़ दिये थे उखाड़ने के बाद भी बारिश के पूर्व डामरीकरण और सीसी रोड नहीं बनाए जाने से यह मार्ग जानलेवा बन गया है। इस संदर्भ में जब संबंधित अधिकारी से बात की जाती है तो वे समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण करने का रटा रटाया जवाब देते हैं।अंचल के लोगों ने इस मार्ग में निर्मित गड्ढों को जल्द समतल करने की मांग की है।

संपादक सिद्धार्थ न्यूज़
