स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत राजिम में कमांडेंट डॉ० विनोद कुमार टंडन ने चलाया स्वच्छता अभियान।

फिंगेश्वर 02 अक्टूबर 2026। 01 अक्टूबर को फिंगेश्वर (राजिम) में भारत सरकार के स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत कमांडेंट डॉ० विनोद कुमार टंडन के निर्देश में स्वच्छता अभियान चलाया गया जहां 211 बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 50 जवानों व अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर श्रमदान किया। स्वच्छता कार्यक्रम ग्राम फिंगेश्वर के श्याम कुमारी चौंक से शुरू होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द, जनपद पंचायत, गाँधी चौंक, बस स्टैण्ड, मुक्ति धाम होते हुए जय माँ जैताई सेवा आश्रम, फिंगेश्वर पर पहुँचकर स्वच्छता ही सेवा के लक्ष्य को पूर्ण करते हुए सम्पन्न हुआ।फिंगेश्वर का जय माँ जैताई सेवा आश्रम के बारे में बात करें तो इसकी स्थापना श्री सुखदेव प्रसाद टंडन (गुरूजी) द्वारा ग्राम जैतपुर,तहसील सरसीवां,जिला सारंगढ, बिलाईगढ़ में स्थित कुलदेवी जैताई देवी की स्तुति एवं आराधना के उद्देश्य से इस आश्रम की स्थापना दिनाँक 19/06/1991 में की गयी थी लेकिन तब यह आश्रम किराये के घर में संचालित था बाद में ग्रमीणों के सहयोग व श्री सुखदेव प्रसाद टंडन (गुरूजी) के अथक प्रयासों से वर्ष 1994 में इसे फिंगेश्वर में स्थापित कर विधिवत रूप से संचालित किया गया। यह केवल एक पूजा आक्षम ही नहीं अपितु ग्रामीणों के लिए ज्ञान, पठन-पाठन, खेल-कूद का प्रमुख केन्द्र व क्रीड़ा स्थल के रूप में उजागर हुआ। जब छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश संयुक्त रूप से मध्य प्रदेश राज्य था, तभी से यह आश्रम आसपास के व दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए ठहरने का स्थान भी था, इसमें नागपुर, भोपाल, जबलपुर या अन्य शहरों में कामकाज के सिलसिले में जाने वाले ग्रामीण ठहरकर आराम करते और पुनः अपनी यात्रा प्रारम्भ करते थे। यहाँ से शिक्षा प्राप्त करके बहुत से विद्यार्थी आज डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य सरकारी सेवा में उच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। श्री सुखदेव प्रसाद टंडन (गुरूजी) के निधन के बाद इस आश्रम का जीर्णोधार कर इसकी देखरेख व संचालन उनके पुत्र ओम शिखर टंडन द्वारा की जा रही है। जय माँ जैताई आश्रम फिंगेश्वर एक ऐसी संस्था है जो पूजा-पद्धति के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सदभाव एवं शैक्षणिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शहरी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।
इसके अतिरिक्त वातावरण को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से शासकीय ठाकुर दलगंजन उच्च माध्यमिक विद्यालय, फिंगेश्वर के प्रांगण में 211 बटालियन द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, नगर पालिका पार्षद जगदीश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे वहीं 150 से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। बटालियन के इकबाल अहमद (उप कमाण्डेंट), गुलशन शर्मा (उप कमाण्डेंट), दीपक श्रीवास (नगर पंचायत उपाध्यक्ष) तथा श्रीमति संतोषी श्रीवास आदि की अहम भूमिका रही।

संपादक सिद्धार्थ न्यूज़
