रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई। HDFC बैंक के 6 कर्मचारियों की हुई गिरफ्तारी।
सारंगढ़ / सरसीवां 10 फरवरी 2026 । रायकोना के शिवा साहू ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बैंक कर्मचारियों की साठगांठ का खुलासा किया है। पुलिस ने HDFC बैंक की सारंगढ़ और बिलाईगढ़ शाखा के कुल 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। मामला होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड लगाकर अवैध रूप से राशि आहरण से जुड़ा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से 10 लाख रुपये और उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई थी। इस फर्जीवाड़े में बैंक के कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में HDFC बैंक सारंगढ़ शाखा के अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी शामिल हैं, जबकि HDFC बैंक बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को गिरफ्तार किया गया है।

संपादक सिद्धार्थ न्यूज़

