May 22, 2026

SECL कोरबा के 40 से अधिक गांव के भूविस्थापित लोगों के रोजगार,जमीन की वापसी और पुनर्वास की समस्या को लेकर हुई महापंचायत।

IMG-20260518-WA0011

कोरबा 18 मई 2026 । भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 के स्मरण दिवस के अवसर पर गेवरा ,कोरबा जिले में छत्तीसगढ़ किसान सभा द्वारा SECL के कुसमुंडा,गेवरा,दीपिका और कोरबा क्षेत्र के छोटे खातेदारों को रोजगार देने,भू विस्थापितों के लंबित रोजगार,जमीन वापसी एवं समुचित पुनर्वास के मुद्दों पर 40 से अधिक गांव के भू विस्थापितों की बड़ी महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में सर्वसम्मति से जून माह में कलेक्ट्रेट घेराव आंदोलन का निर्णय लिया गया।तत्पश्चात जनमत तैयार करते हुए नुक्कड़ सभाओं,अधिकार जत्थों के जरिए प्रचार प्रसार करने और मांगों का निराकरण न होने पर बिलासपुर में SECL सीएमडी का घेराव करने की ओर आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला भी लिया गया।

महापंचायत की अध्यक्षता किसान सभा के राज्य सचिव कॉमरेड कपिल पैकरा ने किया।संचालन किसान सभा के कोरबा जिला सचिव कॉमरेड दीपक साहू ने किया।विशिष्ट वक्ताओं में किसान सभा के संयुक्त सचिव कॉमरेड प्रशांत झा,छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन की बिपाशा पॉल,भाकपा (माले) रेड स्टार के राज्य सचिव कॉमरेड सौरा,भाकपा( माले) रेड स्टार के पोलित ब्यूरो सदस्य कामरेड तुहिन शामिल थे।अन्य वक्ताओं में भू विस्थापित रोजगार एकता संघ के रेशम यादव,दामोदर श्याम,कुसमुंडा क्षेत्र से शुभम बघेल,पुष्पेंद्र,गेवरा क्षेत्र से बबीता आदिले,राकेश राजपूत,रमेश कठौतिया,प्रेम निर्मलकर,पवन यादव,कोरबा क्षेत्र से शिवरतन कंवर,अमरजीत कंवर,करतली क्षेत्र से किरन मरकाम ने अपनी बात रखी। महापंचायत में उपस्थित 40 से अधिक गांव के भू विस्थापितों के प्रतिनिधियों ने किसान सभा के 11 सूत्रीय मांगों पर आंदोलन छेड़ने का संकल्प लिया।